DAILY MARU PRAHAR 13.04.2026 दैनिक मरु प्रहार

DAILY 

MARU PRAHAR

 13.04.2026 

दैनिक मरु प्रहार,


ट्रांसप्लांट के बाद भी जिंदगी में जोश मानसरोवर में राजस्थान का पहला मल्टी स्पोर्ट्स ट्रेनिंग कैंप शुरू






जपयुर । दैनिक मरू प्रहार / देवेंद्र सिंह / जयपुर के मानसरोवर स्थित आरोहण स्पोर्ट्स एकेडमी में राजस्थान ट्रांसप्लांट गेम्स फेडरेशन के तत्वावधान में राज्य का पहला मल्टी स्पोर्ट्स ट्रेनिंग कैंप फॉर ट्रांसप्लांट गेम्स का भव्य शुभारंभ किया गया। दो दिवसीय इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में पेटांक, तीरंदाजी और डार्ट्स खेलों की ट्रेनिंग दी जा रही है।

देशभर से अलग-अलग अंगों का प्रत्यारोपण करा चुके करीब 50 खिलाड़ियों ने इस कैंप में भाग लेकर खेलों की बारीकियां सीखी। यह कैंप उन खिलाड़ियों के लिए खास है, जिनका किसी न किसी अंग का ट्रांसप्लांट हो चुका है।

कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा राजस्थान के प्रदेश महामंत्री श्री श्रवण सिंह बगड़ी ने किया। उन्होंने कहा कि अंगदान के बाद भी जीवन को खेलों के माध्यम से सरल और सकारात्मक बनाया जा सकता है। साथ ही उन्होंने अंगदाताओं और अंग प्राप्तकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

विशिष्ट अतिथियों की रही मौजूदगी

इस अवसर पर जीएसटी डिप्टी कमिश्नर श्री भीम सिंह, डिप्टी डायरेक्टर मेडिकल एंड हेल्थ डॉ. लोकेश कुमार, स्वराज महिंद्रा ऑटोमोबाइल से श्री विजय शर्मा, एसएमएस हॉस्पिटल जयपुर के नर्सेज जिलाध्यक्ष श्री हरि सिंह भाटी सहित कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन ट्रांसप्लांट गेम्स फेडरेशन के कार्यकारिणी सदस्यों श्री भवानी सिंह, श्री अमित शर्मा, श्री हितेश शर्मा, श्री रविंद्र सिंह, श्री अंकित कुमार, श्री राजेंद्र सिंह और श्री मुजाहिद नकवी के नेतृत्व में किया गया।

कोच और संस्थाओं ने दी ट्रेनिंग

कैंप में तीरंदाजी की ट्रेनिंग आरोहण स्पोर्ट्स एकेडमी के कोच कविता शर्मा और रवि शर्मा द्वारा दी जा रही है। पेटांक की ट्रेनिंग राजस्थान ट्रांसप्लांट गेम्स फेडरेशन एवं न्यू पेटांक एसोसिएशन ऑफ पुडुचेरी के संयुक्त तत्वावधान में हो रही है, जबकि डार्ट्स की ट्रेनिंग आरटीजीएफ द्वारा कराई जा रही है।

ऑर्गन इंडिया के बैनर तले अंतरराष्ट्रीय ट्रांसप्लांट गेम्स में भाग ले चुके खिलाड़ियों ने नए प्रतिभागियों को खेलों के बेसिक गुर सिखाए।

डॉक्टर्स ने बताया प्रेरणादायक पहल

जयपुर के प्रमुख अस्पतालों के ट्रांसप्लांट विशेषज्ञों ने इस पहल की सराहना की। सवाई मान सिंह चिकित्सालय के सुपरस्पेशलिटी विंग के अधीक्षक डॉ. शिवम प्रियदर्शी और अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. एन. एस. चौहान ने कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया।

इसके अलावा सीकेएस हॉस्पिटल, सोनी मणिपाल हॉस्पिटल, राजस्थान हॉस्पिटल, इंटरनल हॉस्पिटल और फोर्टिस हॉस्पिटल के यूरोलॉजी व नेफ्रोलॉजी विशेषज्ञों ने भी पोस्टर लॉन्च कर ट्रांसप्लांट मरीजों को खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

आईसीएमआर के पूर्व डायरेक्टर जनरल एवं पूर्व केंद्रीय सचिव डॉ. विश्व मोहन कटोच ने खिलाड़ियों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।

जीवन को नई दिशा देने का प्रयास

डॉक्टर्स और आयोजकों का मानना है कि यह कैंप ट्रांसप्लांट के बाद मरीजों को न सिर्फ शारीरिक रूप से मजबूत बनाएगा, बल्कि उन्हें मानसिक रूप से भी सकारात्मक और आत्मनिर्भर जीवन जीने के लिए प्रेरित करेगा।

✔️👇✔️👇✔️


गंदगी के ढेर में तब्दील खानपुरा मुख्य चौराहा,



 राहगीरों और स्कूली बच्चों का निकलना हुआ दूभर



अजमेर/दैनिक मरू प्रहार/संवाददाता

अजमेर। खानपुरा का मुख्य चौराया, जो अजमेर दूध डेयरी के समीप स्थित है, वर्तमान में अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। क्षेत्र में स्थाई कचरा डिपो नहीं होने के कारण यहां कचरे का अंबार लगा रहता है, जिससे न केवल स्थानीय निवासी बल्कि यहां से गुजरने वाले हजारों राहगीर और स्कूली छात्र-छात्राएं भी खासे परेशान हैं।

प्रमुख मार्ग होने के बाद भी अनदेखी

यह चौराहा खानपुरा की मुख्य सड़क होने के साथ-साथ हाउसिंग बोर्ड, कंचन नगर और दौराई जाने का भी मुख्य मार्ग है। यहां से प्रतिदिन वार्ड संख्या 32 और 33 के हजारों लोग गुजरते हैं। सुबह-शाम दूध डेयरी जाने वाले लोगों और स्कूलों के बच्चों को इसी गंदगी और दुर्गंध के बीच से होकर निकलना पड़ता है, जिससे बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है।

जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के खिलाफ आक्रोश

स्थानीय निवासी बाबू खान ने बताया कि यह चौराहा वार्ड संख्या 32 के अंतर्गत आता है, लेकिन यहां वार्ड 32 और 33 दोनों क्षेत्रों का कचरा डाला जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पार्षदों का कार्यकाल समाप्त हो चुका है, लेकिन अपने कार्यकाल के दौरान भी कई बार गुहार लगाने के बावजूद किसी भी जनप्रतिनिधि ने इस गंभीर समस्या की सुध नहीं ली।

निवासियों की मांग 

क्षेत्रवासियों का कहना है कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की इस बेरुखी के कारण जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है। कचरे के कारण आसपास के मकानों में रहने वाले लोगों का जीना मुहाल हो गया है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि यहां से तुरंत कचरा हटाया जाए और एक स्थाई कचरा डिपो की व्यवस्था की जाए ताकि क्षेत्र को गंदगी से मुक्ति मिल सके।


✔️👇✔️👇✔️


सरदार गुरजीत सिंह खुराना निर्विरोध चुने गए गंज गुरुद्वारा के प्रधान



दैनिक मरू प्रहार/संवाददाता

अजमेर। श्री गुरु नानक सभा गंज गुरुद्वारा साहब के वार्षिक चुनाव रविवार को हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुए। इस दौरान गुरुद्वारा परिसर में आयोजित चुनावी बैठक में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें सरदार गुरजीत सिंह खुराना को गंज गुरुद्वारा का नया प्रधान चुना गया।

गंज गुरुद्वारा से जुड़े तेजपाल सिंह साहनी ने जानकारी देते हुए बताया कि वार्षिक चुनाव की प्रक्रिया चुनाव प्रभारी अमोलक सिंह छाबड़ा की देखरेख में पूरी की गई। बैठक में मौजूद समस्त गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने एकमत होकर सरदार गुरजीत सिंह खुराना के नाम पर मुहर लगाई। इसके साथ ही प्रीतपाल सिंह बग्गा को सर्वसम्मति से ऑडिटर चुना गया।

चुनाव प्रभारी अमोलक सिंह छाबड़ा ने विधिवत रूप से नवनियुक्त प्रधान और ऑडिटर के नामों की घोषणा की। इस अवसर पर गुरुद्वारा कमेटी के अधिकतर सदस्य मौजूद रहे, जिन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए गुरुद्वारा साहब की सेवा और प्रबंधन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प लिया। चुनाव संपन्न होने के बाद सिख समाज के गणमान्य लोगों ने खुराना और बग्गा को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

✔️👇✔️👇✔️

पुष्कर में 200 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का भव्य आयोजन, 




प्रियंका वैष्णव ने भेंट किए 251 कमल के फूल


दैनिक मरू प्रहार/संवाददाता

​पुष्कर। तीर्थ नगरी पुष्कर स्थित गायत्री शक्ति पीठ मणिवेदिका पीठ में इन दिनों आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हो रहा है। यहाँ 8 मार्च से शुरू हुआ 43 दिवसीय '200 कुण्डीय विराट शत गायत्री पुरश्चरन महायज्ञ' विश्व शांति और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ निरंतर जारी है। रविवार को श्री श्याम फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट की अध्यक्ष प्रियंका वैष्णव ने इस दिव्य अनुष्ठान में शिरकत कर परम पूज्य स्वामी श्री प्रखर जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।

धार्मिक अनुष्ठान में दी सेवा

इस अवसर पर प्रियंका वैष्णव ने गुरुदेव के सान्निध्य में चल रहे इस महान धार्मिक कार्य में सहभागिता निभाई। उन्होंने यज्ञ की वेदी पर अर्पण हेतु 251 कमल के फूल और विभिन्न यज्ञ सामग्री भेंट कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। वैष्णव ने कहा कि विश्वव्यापी आतंकवाद के शमन और हिंदू राष्ट्र निर्माण हेतु आयोजित इस महायज्ञ में छोटी सी सेवा देना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

प्रतिदिन 60 लाख मंत्रों से गूंज रहा आकाश

इस भव्य अनुष्ठान की विशालता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहाँ 2000 विद्वान ब्राह्मणों द्वारा प्रतिदिन लगभग 60 लाख गायत्री मंत्रों का जाप किया जा रहा है। यज्ञशाला से निकलने वाली आहुतियों और मंत्रोच्चार के माध्यम से राष्ट्र में सकारात्मक ऊर्जा और सद्भाव की कामना की जा रही है।

विश्व कल्याण का मार्ग प्रशस्त करेंगे ऐसे आयोजन

स्वामी श्री प्रखर जी महाराज के मार्गदर्शन में चल रहा यह यज्ञ 19 अप्रैल तक जारी रहेगा। आध्यात्मिक विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान मात्र नहीं हैं, बल्कि ये राष्ट्र जागरण और संस्कारों के संरक्षण के प्रतीक हैं। महायज्ञ में शामिल हो रहे श्रद्धालुओं ने ईश्वर से प्रार्थना की कि यह अनुष्ठान समस्त मानवता के लिए शांति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करे। इस दौरान बड़ी संख्या में भक्तगण और क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


✔️👇✔️👇✔️


दैनिक मरू प्रहार/संवाददाता

​अजमेर। अजमेर का सिख समुदाय खालसा साजना दिवस (बैसाखी) का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और श्रद्धा भावना के साथ मनाने जा रहा है। श्री दशमेश सत्संग सभा, अलवर गेट गुरुद्वारा साहिब में दो दिवसीय विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आगाज सोमवार से होगा।

दो दिन तक गूंजेगा गुरुबाणी कीर्तन

गुरुद्वारा प्रधान गुरचरण सिंह ने बताया कि पर्व के उपलक्ष्य में 13 अप्रैल को प्रथम दिन सवेरे 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक और शाम को 7:30 बजे से रात्रि 10:30 बजे तक कीर्तन व व्याख्यान का आयोजन किया जाएगा। इसमें संगत गुरुबाणी के माध्यम से निहाल होगी।

14 अप्रैल को सजेगा विशेष दीवान

मुख्य कार्यक्रम 14 अप्रैल को आयोजित होगा, जिसमें सुबह 11:00 से दोपहर 3:00 बजे तक विशेष कीर्तन दरबार सजाया जाएगा। इस भव्य समागम में दिल्ली और जयपुर के प्रसिद्ध रागी जत्थे संगत को गुरुबाणी की अमृत वर्षा से सराबोर करेंगे।

बाहर से आएंगे ख्याति प्राप्त रागी जत्थे

कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने के लिए गुरुद्वारा शीशगंज साहिब (दिल्ली) के हजूरी रागी भाई हरमीक सिंह व भाई नमनदीप सिंह, जयपुर से भाई मनमीत सिंह व भाई जगजीत सिंह और स्थानीय दशमेश सत्संग सभा के हजूरी रागी भाई अमरजीत सिंह व भाई रोहित सिंह प्रीत अपने मधुर कीर्तन और व्याख्यान द्वारा उपस्थित संगत को गुरु इतिहास से जोड़ेंगे।

सेवा और व्यवस्थाओं में जुटा जत्था

तीनों सत्रों के कार्यक्रमों की समाप्ति के उपरांत गुरु का अटूट लंगर बरताया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए गुरुद्वारा कमेटी के मनजीत सलूजा, मनजीत सिंह गोल्डी, प्रीतम सिंह दुआ, कुलविंदर सिंह खालसा और चरणजीत सिंह सहित सेवादार व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

​समस्त गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने शहर की साध संगत से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर गुरु दरबार की खुशियां प्राप्त करें और खालसा साजना दिवस के इस पावन पर्व का हिस्सा बनें।

✔️👇✔️👇✔️







दैनिक मरू प्रहार/संवाददाता: माणक तोषनीवाल

​डेगाना। सरस्वती बाल निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय डेगाना गांव में रविवार को स्कूटी वितरण एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का एक भव्य और ऐतिहासिक आयोजन किया गया। इस गौरवशाली समारोह में हजारों की संख्या में उमड़े जनसैलाब, संतों के सान्निध्य और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डेगाना विधायक अजयसिंह किलक रहे।

​अध्यक्षता सरस्वती एजुकेशन ग्रुप के डायरेक्टर व पूर्व सरपंच विशाल किलक तथा संस्था सचिव एवं पूर्व सरपंच रतना चौधरी ने की। समारोह को नेमीराम महाराज (भादवासी), जयरामगिरी (अच्छोजाई), सतीशगिरी, अमराराम महाराज और लोकेंद्र महाराज जैसे संतों का पावन आशीर्वाद प्राप्त हुआ।

शिक्षा जगत में कायम किया नया रिकॉर्ड: विधायक किलक

​समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अजयसिंह किलक ने कहा कि सरस्वती स्कूल ने शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। एक साथ 81 प्रतिभाओं को स्कूटी, बाइक, लैपटॉप और टैबलेट जैसे पुरस्कारों से नवाजना क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं में प्रतिस्पर्धा की भावना जागती है और उन्हें आगे बढ़ने का संबल मिलता है।

अधिकारियों और नवचयनित RAS ने दिए करियर मंत्र

​समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद एसडीएम डेगाना मोहन चौधरी, तहसीलदार सतीश कुमार राव और नवचयनित आरएएस विक्रमसिंह खिडियां, दयालराम ढाका, सरोज चोयल व आरपीएस सरिता महिया सहित कई अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को सफलता के सूत्र बताए। आरएएस टॉपर्स ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।

स्कूटी, लैपटॉप और साइकिल पाकर खिले चेहरे

​संस्था डायरेक्टर विशाल किलक और सचिव रतना चौधरी ने बताया कि विज्ञान वर्ग (12वीं बोर्ड) में बिंदु किरडोलिया एवं जितेंद्र जांगिड़ को क्रमशः स्कूटी और बाइक देकर सम्मानित किया गया। वहीं:

  • निशा थारोल और निशा टाडा: टैबलेट।
  • ​संदीप मुवाल (विज्ञान प्रतिभा खोज): प्रथम पुरस्कार लैपटॉप।
  • ​निशा चौहान और नरेश गोदारा: क्रमशः टैबलेट और साइकिल।
  • ​गणित शिक्षक महेश टाक: दो विद्यार्थियों के 100 अंक आने पर 'शिक्षक अवार्ड' से सम्मानित।
  • अन्य प्रतिभाएं: कक्षा 1 से 9 तक के टॉपर्स को साइकिल, स्टडी टेबल और लैंप प्रदान किए गए।

छात्रवृत्ति की घोषणा और जनभागीदारी

​विद्यालय प्रबंधन ने विज्ञान प्रतिभा खोज के 50 छात्रों को प्रमाण पत्र और डिक्शनरी वितरित की। साथ ही विद्यालय में नवीन प्रवेश लेने पर ₹2100 से ₹7100 तक की छात्रवृत्ति देने की भी घोषणा की गई। इस दौरान पूर्व पालिकाध्यक्ष राधाकिशन बिंदा, केवीएसएस चेयरमैन लक्ष्मणसिंह मुवाल सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि, अभिभावक और ग्रामीण मौजूद रहे।

✔️👇✔️👇✔️


संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ: 




 अभियान के तहत कांग्रेस का दलित बस्तियों में जनसंवाद

भाजपा की जनविरोधी नीतियों और तानाशाही के खिलाफ उठाई आवाज

दैनिक मरू प्रहार/संवाददाता

ब्यावर। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ब्यावर की ओर से “संगठन बढ़ाओ – लोकतंत्र बचाओ” अभियान के तहत चलाए जा रहे 'सामाजिक न्याय व सुरक्षा सप्ताह' के अंतर्गत रविवार को दलित एवं पिछड़ी बस्तियों में व्यापक जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान और जिलाध्यक्ष किशोर चौधरी के निर्देशानुसार ब्लॉक अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वंचित वर्ग के लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

महंगाई और भ्रष्टाचार से आमजन बेहाल: अजय शर्मा

​जनसंवाद के दौरान एडवोकेट अजय शर्मा ने केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि वर्तमान शासन में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार ने आमजन का जीना दुश्वार कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्गों का शोषण कर रही है। शर्मा ने कहा कि हार के डर से सरकार पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों को लगातार टाल रही है, जो हाईकोर्ट की फटकार के बाद भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया को रोकने की तानाशाही कोशिश है।

पूंजीपतियों की सरकार है भाजपा: आशीषपाल

​खनन विकास एवं उत्थान प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष आशीषपाल पदावत ने संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की नीतियां केवल पूंजीपतियों के लिए हैं, जबकि गरीब और पिछड़ा वर्ग उपेक्षित महसूस कर रहा है। वहीं, अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष अजमत काठात ने कहा कि अल्पसंख्यकों और दलितों पर बढ़ते अत्याचार के खिलाफ कांग्रेस डटकर खड़ी रहेगी और विभाजनकारी नीतियों का विरोध करेगी।

मूलभूत सुविधाओं की कमी पर जताई चिंता

​बस्तियों में जनसंवाद के दौरान स्थानीय निवासियों ने बेरोजगारी, महंगाई, पेयजल संकट, बिजली और शिक्षा-स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर अपनी पीड़ा व्यक्त की। एडवोकेट अजय शर्मा ने आश्वासन दिया कि कांग्रेस पार्टी इन मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक आवाज उठाएगी और समस्याओं का समाधान कराएगी।

इनकी रही मौजूदगी

​कार्यक्रम के दौरान राजेश व्यास, रसूल काठात, निहाल, नौरत भील, बीरम भील, गंगाराम, गोपाल रावत, मोती रैदास, रामजी रावत, प्रकाश नवल, छोटू भील, पप्पू बावरी, निजामुद्दीन, रमजान, छगन, सूरज नाथ, प्रहलाद गुनरात, चंचल काठात, लक्ष्मी रैदास, पूजा भील, रेखा रावत, लाली रावत सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। 



अंत में शर्मा ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इस अभियान को और मजबूती प्रदान करते हुए अंतिम छोर तक जनता से संवाद जारी रखें।

✔️👇✔️👇✔️







टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Mukhwak Sachkhand Sri Harmandir Sahib Amritsar Ang 658, Date : 18-08-2025

Mukhwak Sachkhand Sri Harmandir Sahib Amritsar Ang 696, Date : 17-08-2025